5वीं रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आज भव्य शुभारंभ…

राजनांदगांव।
रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी द्वारा आयोजित 5वीं रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आज भव्य उद्घाटन समारोह राजनांदगांव में आयोजित किया जा रहा है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता छत्तीसगढ़ हॉकी एवं जिला हॉकी संघ राजनांदगांव के मार्गदर्शन में आयोजित की जा रही है, जिसमें प्रदेश एवं देश की नामचीन टीमें भाग ले रही हैं।

उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद संतोष पाण्डेय करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप मे शहर के प्रथम नागरिक महापौर मधुसूदन यादव की उपस्थिति भी मंच की गरिमा को बढ़ाएगी।

क्षेत्र के जनप्रतिनिधि पार्षद शिव वर्मा एवं सुनील साहू ने बताया की उद्घाटन अवसर पर मनमोहक मार्च पास्ट एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। लीग का उद्घाटन मुकाबला बिहार और खेलो इंडिया सेंटर राजनांदगांव के मध्य खेला जाएगा।

अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी एवं गोल्ड मैडलिस्ट एन आई एस हॉकी कोच मृणाल चौबे ने बताया की रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी की यह पहल छत्तीसगढ़ में हॉकी खेल को नई दिशा देने के साथ-साथ युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर का मंच प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के आगाज़ के साथ ही बाहर से आने वाली टीमों का राजनांदगांव में उत्साहपूर्ण स्वागत किया जा रहा है। बरौनी एक्सप्रेस से बिहार टीम के आगमन पर स्टेशन से लेकर चीखली देशमुख होटल चौक होते हुए चीखली स्कूल मैदान तक रैली के माध्यम से खिलाड़ियों का पारंपरिक और भव्य स्वागत किया गया।

प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन हेतु प्लेयर ऑफ द मैच को अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता की फ्लैश हॉकी स्टिक, जबकि प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को साइकिल प्रदान की जाएगी। राजनांदगाँव के खेल प्रेमी दर्शकों के सम्मान मे एस ई सी एल बेस्ट दर्शक अवार्ड का सम्मान भी प्रदान किया जायेगा।

आज के मैच कार्यक्रम

पहला मैच: जिला हॉकी संघ राजनांदगांव बनाम कबीरधाम

दूसरा मैच (उद्घाटन मैच): बिहार बनाम खेलो इंडिया सेंटर राजनांदगांव

यह प्रतियोगिता लीग-कम-नॉकआउट पद्धति से खेली जाएगी।