भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा छत्तीसगढ़ की प्रदेश कार्यकारिणी घोषित…


इरफान शेख भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष, ज़हीर अब्बास सोशल मीडिया प्रभारी,हैरी जोसेफ़ राजनांदगांव जिला अध्यक्ष नियुक्त

राजनांदगांव l भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और मजबूती की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा छत्तीसगढ़ की प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई है। यह घोषणा भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की सहमति से की गई है। अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मखमूर इकबाल ख़ान द्वारा विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर नई नियुक्तियाँ की गई हैं जो तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।


भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा छत्तीसगढ़ की नवगठित प्रदेश कार्यकारिणी में संगठन को सशक्त बनाने के उद्देश्य से अनुभवी और सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियाँ सौंपी गई हैं। इस क्रम में मोहम्मद इरफान शेख को भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं संगठन की डिजिटल और सोशल मीडिया गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु ज़हीर अब्बास को सोशल मीडिया प्रभारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।इसके साथ ही संगठनात्मक ढांचे को जिला स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से हैरी जोसेफ़ को राजनांदगांव जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इन सभी नियुक्तियों को संगठन के भीतर उत्साह और ऊर्जा का संचार करने वाला कदम माना जा रहा है।प्रदेश अध्यक्ष मखमूर इकबाल ख़ान ने सभी नव-नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि वे पार्टी की नीतियों, सिद्धांतों और जनकल्याणकारी योजनाओं को अल्पसंख्यक समाज तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने का कार्य करेंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर राष्ट्र निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य करता रहेगा। नव-नियुक्त पदाधिकारियों ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सक्रियता के साथ किया जाएगा तथा संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाया जाएगा। वहीं जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने इस नियुक्ति की प्रसंशा की और सभी को बधाई प्रेषित की है।